घोसपुकुर : मुरलीगंज चेकपोस्ट से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ गुप्त सूचना के आधार पर बिधाननगर थाना, घोसपुकुर फाड़ी और फांसीदेवा थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने एक विशेष अभियान चलाया।
इस अभियान में एक संदिग्ध चार पहिया वाहन को रोका गया और तलाशी के दौरान पुलिस ने 2 किलो 300 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की। इस दौरान गाड़ी में मौजूद दो आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शाबिर खान (43) और मुस्ताफा अली (30) के रूप में हुई है, जो मणिपुर के निवासी हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह प्रतिबंधित मादक पदार्थ असम से कोलकाता ले जाया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी जब्त कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें कल सिलीगुड़ी अनुमंडल न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस इस मामले की गहन जांच में जुटी है।
