कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आज 41वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, रानीडंगा द्वारा एक प्रेरणादायक साइकिल अभियान का आयोजन किया गया। यह आयोजन सीमांत मुख्यालय सिलीगुड़ी के निर्देश में और फिट इंडिया मिशन के अंतर्गत संपन्न हुआ।
मुख्य अतिथि के रूप में सीमांत मुख्यालय सिलीगुड़ी के महानिरीक्षक श्री वंदन सक्सेना ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इस अभियान को राष्ट्ररक्षा में बलिदान देने वाले जवानों को समर्पित बताया। उन्होंने जवानों को सतर्कता व कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने तथा नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
हरी झंडी दिखाकर उन्होंने रैली को रवाना किया। यह साइकिल रैली देशभक्ति गीतों और नारों के साथ रानीडंगा से नौकाघाट स्थित डिसन हॉस्पिटल तक गई और फिर वापस 41वीं वाहिनी परिसर में समाप्त हुई। स्थानीय ट्रैफिक पुलिस ने सुचारु संचालन में सहयोग दिया।
इस अवसर पर उपमहानिरीक्षक श्री ए.के.सी. सिंह, श्री शिवदयाल, कमांडेंट श्री योगेश सिंह सहित अनेक अधिकारी और जवान मौजूद थे। यह अभियान न केवल वीरों के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि स्थानीय नागरिकों को फिटनेस और देशप्रेम का संदेश भी दे गया।
