SSB के जवानों ने तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रगान के दौरान अधिकारियों, जवानों एवं उपस्थित लोगों ने पूरे सम्मान के साथ सहभागिता की। इस अवसर पर महानिदेशक ने बल के जवानों, सहयोगी सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए सभी से राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
महानिदेशक ने भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम और सीमा क्षेत्र में शांति एवं सुव्यवस्था बनाए रखने में SSB के जवानों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने जवानों से निरंतर सतर्कता और समर्पण के साथ ड्यूटी करते रहने का आह्वान किया। समारोह में शारदा विद्या मंदिर, नक्सलबाड़ी, नक्सलबाड़ी डांस अकादमी एवं नृत्य शक्ति डांस अकादमी के कलाकारों और बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
वहीं SSB के जैज़ बैंड की शानदार प्रस्तुति ने भी लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के बाद महानिदेशक ने स्थानीय बच्चों एवं कलाकारों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। देश की सुरक्षा एवं सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले SSB कार्मिकों को महानिदेशक द्वारा महानिदेशक पदक (DG’s Disc) से सम्मानित किया गया। सम्मानित जवानों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने अन्य बलकर्मियों को भी राष्ट्रसेवा के प्रति इसी प्रकार समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में भारत और नेपाल के विभिन्न सुरक्षा एवं प्रशासनिक विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। नेपाल की ओर से CDO चन्द्रगढ़ी, भद्रपुर, झापा श्री शिवराम गेलाल, APF नेपाल के SP श्री सचिन कर्माचार्य, DSP श्री मदन कुमार रसाइली, DSP श्री योग बहादुर थापा तथा नेपाल पुलिस, काकरभिट्टा के DSP श्री निशेष चापागाईं उपस्थित रहे। भारत की ओर से सीमा शुल्क विभाग, पानीटंकी की सहायक आयुक्त श्रीमती टी.सी. भूटिया, IRS भी मौजूद रहीं। महानिदेशक ने सभी विशेष अतिथियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं के साथ मिठाई भेंट की।
इस दौरान भारत-नेपाल के बीच पारंपरिक मैत्री, आपसी सहयोग और समन्वय की भावना भी देखने को मिली। समारोह में SSB सीमांत सिलीगुड़ी के महानिरीक्षक श्री वंदन सक्सेना, उप-महानिरीक्षक श्री संजय कुमार सारंगी, उप-महानिरीक्षक श्री शिवदयाल, 41वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री विकास कुमार, कमांडेंट स्टाफ ऑफिसर श्री आशीष नैथानी समेत सीमांत सिलीगुड़ी एवं 41वीं वाहिनी के कई अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
समारोह के समापन पर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से पूरा पानीटंकी सीमा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा। महानिदेशक की मौजूदगी से जवानों में विशेष उत्साह और जोश देखने को मिला तथा उन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सीमाओं की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद महानिदेशक ने BIT पानीटंकी में तैनात महिला एवं पुरुष बलकर्मियों की ड्यूटी का निरीक्षण किया।
उन्होंने सीमा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ बाह्य सीमा चौकी के लिए प्रस्तावित अतिरिक्त भूमि का भी निरीक्षण किया। इसके बाद महानिदेशक सीमांत सिलीगुड़ी की 8वीं वाहिनी के अंतर्गत सीमा चौकी बड़ामनीरामजोत पहुंचे, जहां उन्होंने ड्रोन शो का अवलोकन किया और अधिकारियों एवं जवानों के साथ बड़े खाने में शामिल हुए।
पानीटंकी में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह ने राष्ट्रभक्ति, सीमा सुरक्षा, नागरिक सहभागिता और भारत-नेपाल मैत्री का मजबूत संदेश दिया। समारोह ने सीमा पर तैनात SSB जवानों के मनोबल को नई ऊर्जा देने के साथ स्थानीय समुदाय के साथ बल के संबंधों को भी और मजबूत किया।
