प्रतियोगिता में 14 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह से ही आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए आयोजक संस्था के सदस्यों के साथ अभिभावक और स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
पानीटंकी रूरल डेवलपमेंट एंड एजुकेशनल सोसाइटी के सचिव बिमल सिन्हा ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों और युवाओं को खेलकूद के प्रति अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने की जरूरत है। मोबाइल फोन और विभिन्न प्रकार की लत से युवाओं को दूर रखते हुए उन्हें शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से मजबूत बनाने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से संस्था की ओर से हर वर्ष इस तरह के खेलकूद कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। आने वाले दिनों में भी सामाजिक और खेलकूद से जुड़े कार्यक्रमों को और बड़े स्तर पर आयोजित करने की पहल की जाएगी। मिनी मैराथन के माध्यम से प्रतिभागियों ने न केवल अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया,
बल्कि स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का संदेश भी दिया। आयोजकों के अनुसार, युवाओं को खेलों से जोड़ना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य रहा।
