राखी मनाकर बिहार से लौट रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत, NH-327 पर बाइक और चारपहिया वाहन की जोरदार टक्कर
खोरीबाड़ी: राखी का त्योहार मनाकर बिहार से घर लौट रहे दो युवकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के केलाबाड़ी इलाके में एनएच-327 पर हुआ, जहां बाइक और एक चारपहिया वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान पंकज कुमार और विजय साहनी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक राखी के अवसर पर बिहार गए थे। राखी का त्योहार मनाने के बाद दोनों बाइक से पानीटंकी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान केलाबाड़ी इलाके में उनकी बाइक की सामने से आ रहे एक चारपहिया वाहन से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को बचाकर खोरीबाड़ी ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया।
उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में मातम छा गया।
बताया गया है कि विजय साहनी नेपाल के निवासी थे, जबकि पंकज कुमार का घर सिलीगुड़ी में बताया गया है।
इधर, हादसे के बाद चारपहिया वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। खोरीबाड़ी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
राखी जैसे त्योहार के बाद हुए इस दर्दनाक हादसे ने इलाके में शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
नक्सलबाड़ी में STF की बड़ी कार्रवाई, 301 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार
खोरीबाड़ी, सड़क हादसा, NH-327, राखी, पंकज कुमार, विजय साहनी, पानीटंकी, सिलीगुड़ी, उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज, Road Accident
