खोरीबाड़ी : भारत - नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी 41 वीं वाहिनी के भातगांव कंपनी और गलगलिया पुलिस की संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। इस छापेमारी के दौरान 260 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर (5 पैकेट में) जब्त की गई । इसके साथ ही दो आरोपितों को भी गिरफ्तार किया है।
आरोपितों के नाम मोहम्मद सोनू, (30 ) और मोहम्मद इकबाल (27) हैं। दोनों आरोपित पड़ोसी राज्य बिहार के किशनगंज जिले के गलगलिया थाना क्षेत्र के लकड़ी डिपो का निवासी हैं। एसएसबी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार संदिग्ध ब्राउन शुगर को तब जब्त किया गया जब इसे नेपाली और साथ ही भारतीय नशेड़ी ग्राहकों को बेचा जा रहा था।
गलगलिया पुलिस और एसएसबी की संयुक्त पार्टी की टीम द्वारा घर की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके घर से संदिग्ध ब्राउन शुगर - 260 ग्राम (05 पैकेट में - 103 ग्राम, 102.5 ग्राम, 44.5 ग्राम, 5 ग्राम, 5 ग्राम) , मोबाइल फोन सात पीस, सोने की बाली दो (8.2 ग्राम)
सोने का हार एक (21 ग्राम), चांदी की पायल एक (393.8 ग्राम), पाकेट स्केल (वजन मापने की मशीन) दो भारतीय मुद्रा 42,190 और नेपाली मुद्रा 52,740 जब्त किए गए। एसएसबी द्वारा पकड़े गए दोनों आरोपितों के साथ जब्त सामान को आगे की कार्रवाई के लिए गलगलिया थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
