अपनी गुप्त सूचना के आधार पर एसएसबी की विशेष टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 95/2 के पास, भारतीय सीमा में लगभग 2.1 किलोमीटर अंदर घुसपैठ करने वाले तीन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान अमल बर्मन (52), उनके पुत्र गौतम बर्मन (26) और प्रीतम बर्मन (21) के रूप में हुई है। ये तीनों बांग्लादेश के नीलफामारी जिले के निवासी हैं। इनके पास से पासपोर्ट और बांग्लादेशी राष्ट्रीय पहचान पत्र भी बरामद हुए हैं।
जांच में सामने आया है कि ये सभी अलग-अलग समय पर भारत आए और यहाँ इलेक्ट्रिशियन, टाइल मिस्त्री और दर्जी का काम कर रहे थे। पूछताछ में इन लोगों ने दावा किया है कि वे बांग्लादेश में उत्पीड़न से बचने के लिए भारत भागकर आए हैं।
इस अभियान में एसी/जीडी कुणाल कौड़न, इंस्पेक्टर/जीडी रोहित सिंह और आठ अन्य जवान शामिल थे। गिरफ्तार तीनों बांग्लादेशी नागरिकों को आगे की कार्रवाई के लिए थाना खोरीबाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
