इस अवसर पर खोरीबाड़ी ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ता और जागरूक नागरिक हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर स्वेच्छा से आंदोलन में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान सरकार की बिजली नीति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
कार्यक्रम में बिजली संगठन की राज्य समिति के वरिष्ठ सदस्य रंजीत बारुई, खोरीबाड़ी ब्लॉक समिति के सचिव विश्वजीत दत्त सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार लगातार बिजली की दरों में वृद्धि कर आम लोगों पर आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लागू कर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव बनाया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वक्ताओं ने सरकार से स्मार्ट मीटर योजना तत्काल वापस लेने, बिजली की कीमतों में कमी करने, किसानों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने, प्रत्येक घरेलू परिवार को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने तथा बिजली क्षेत्र के निजीकरण की प्रक्रिया को पूरी तरह बंद करने की मांग की।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में पूरे राज्य में इससे भी व्यापक और उग्र जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
