बच्चों ने जवानों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र, सेना के अधिकारियों ने किया सम्मानित
नक्सलबाड़ी: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मेरीभीयु चाय बागान प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को बेंगदुबी स्थित ट्रिपल वन सबेरिया आर्मी कैंप पहुंचकर सेना के जवानों और अधिकारियों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया।
इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सेना के आला एवं वरिष्ठ अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधी और उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। बच्चों के स्नेह और अपनत्व से सेना के अधिकारी भी भावुक नजर आए।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक लाल साहब झा भी उपस्थित रहे। सेना के अधिकारियों ने बच्चों और शिक्षकों की इस पहल की सराहना करते हुए इसे भाईचारे, स्नेह और राष्ट्र के प्रति सम्मान की सुंदर मिसाल बताया।
इस दौरान सेना के अधिकारियों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक लाल साहब झा को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही बच्चों एवं शिक्षकों द्वारा किए गए इस सराहनीय प्रयास की भी भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।
प्रशंसा पत्र प्राप्त करने के बाद प्रधानाध्यापक लाल साहब झा ने सेना के सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों और जवानों के बीच रक्षाबंधन का यह आयोजन उनके लिए बेहद भावुक और यादगार अनुभव रहा।
रक्षाबंधन के इस विशेष कार्यक्रम ने बच्चों और सेना के जवानों के बीच स्नेह, सम्मान और आत्मीयता का एक खूबसूरत रिश्ता कायम किया। यह आयोजन न सिर्फ त्योहार की खुशियों का प्रतीक बना, बल्कि सेना और आम नागरिकों के बीच भावनात्मक जुड़ाव और राष्ट्रप्रेम की भावना को भी मजबूत करने वाला रहा।
भारत-नेपाल सीमा पर मानव तस्करी का बड़ा खुलासा! 6 महिलाओं के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार
