खोरीबाड़ी : पश्चिम बंगाल के खोरीबाड़ी इलाके में नेपाल सीमा से एक बड़ा खुलासा हुआ है। एसएसबी ने गुप्त सूचना के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया है, जिसकी पहचान बांग्लादेश के लालमनिरहाट निवासी अरुण कांती राय के रूप में हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पिछले तीन साल से भारत में अवैध तरीके से रह रहा था। इतना ही नहीं, उसने यहां अपनी पहचान बदलकर अर्घ्य बर्मन नाम से आधार कार्ड, पैन कार्ड जैसे भारतीय दस्तावेज़ भी बना लिए थे।
एसएसबी ने जब उससे पूछताछ की तो वह खुद को भारतीय बताने लगा, लेकिन शक गहराने पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बांग्लादेशी नागरिक होने की बात स्वीकार कर ली। तलाशी के दौरान उसके पास से बांग्लादेश का पहचान पत्र भी बरामद हुआ।
फिलहाल आरोपी को खोरीबाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया गया है। उसे आज शिलिगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस रिमांड पर लेकर पूरी साज़िश की जांच करेगी।
