रानीडांगा, 03 जून 2026 : 41वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), रानीडांगा की पानीटंकी कंपनी ने मंगलवार को भारत-नेपाल सीमा स्थित ओल्ड ब्रिज, बीआईटी चेक पोस्ट पर एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया। उक्त व्यक्ति नेपाल से भारत में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था और उसके पास मौजूद भारतीय वीजा की वैधता समाप्त हो चुकी थी।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोहम्मद मुक्तर हुसैन (36 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बांग्लादेश के ढाका जिले के नवाबगंज क्षेत्र का निवासी है।
जांच के दौरान पता चला कि वह 30 अगस्त 2023 को हरिदासपुर इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट के माध्यम से भारत में प्रवेश किया था। उसका वीजा 23 सितंबर 2023 तक वैध था, लेकिन वीजा समाप्त होने के बाद भी वह लगभग एक वर्ष तक कोलकाता के न्यू मार्केट क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहा था।
पूछताछ में उसने बताया कि कोलकाता में एक अज्ञात एजेंट ने उसे नेपाल के रास्ते यूरोप में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। एजेंट की मदद से वह अवैध रूप से नेपाल पहुंच गया, जहां पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से वेल्डर के रूप में कार्य कर रहा था। बाद में एजेंट उससे संपर्क तोड़कर फरार हो गया।
हाल ही में उसकी मां ने उसे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ चल रही निर्वासन (Deportation) कार्रवाई की जानकारी दी और कानूनी प्रक्रिया के तहत आत्मसमर्पण करने की सलाह दी। इसके बाद वह 2 जून 2026 को काठमांडू से काकरभिट्टा पहुंचा और 3 जून को पनिटंकी स्थित ओल्ड ब्रिज के रास्ते भारत में प्रवेश का प्रयास किया, जहां उसे सुरक्षा बलों ने पकड़ लिया।
संयुक्त पूछताछ के बाद संबंधित सुरक्षा एवं खुफिया एजेंसियों ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के विरुद्ध विदेशी अधिनियम (Foreigners Act) तथा पासपोर्ट अधिनियम (Passport Act) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। आगे की कार्रवाई के लिए उसे खोरीबाड़ी थाना को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।
41वीं वाहिनी एसएसबी ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है तथा अवैध आवाजाही पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
