प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 जून 2026 को शाम लगभग 4 बजे नियमित जांच एवं निगरानी अभियान के दौरान बीआईटी टीम ने एक व्यक्ति को नेपाल से भारत की ओर आते हुए रोका। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के दौरान पता चला कि वह बिना वैध भारतीय प्रवेश दस्तावेजों के सीमा पार कर भारत में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक बांग्लादेशी पासपोर्ट, बांग्लादेश से नेपाल का हवाई टिकट, दो बांग्लादेशी और एक नेपाली सिम कार्ड वाला मोबाइल फोन तथा 2,580 रुपये भारतीय मुद्रा बरामद की गई।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नंदन दास (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बांग्लादेश के मदारीपुर जिले का निवासी बताया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह फरवरी 2026 में एक एजेंट के माध्यम से रोजगार के उद्देश्य से नेपाल गया था। एजेंट ने उसे सर्बिया में नौकरी दिलाने का वादा किया था, जिसके लिए उससे लाखों रुपये लिए गए।
बाद में एजेंट संपर्क से बाहर हो गया। वीजा अवधि समाप्त होने के बाद उसने नेपाल के पोखरा क्षेत्र में कुछ समय तक काम किया और फिर भारत के रास्ते बांग्लादेश लौटने की योजना बनाई।
हालांकि, भारत में प्रवेश से पहले ही एसएसबी की सतर्क टीम ने उसे पानीटंकी में पकड़ लिया।
फिलहाल मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई, एफआईआर दर्ज करने तथा संबंधित एजेंसियों को सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी है।
सीमा सुरक्षा और अवैध आवागमन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एसएसबी लगातार निगरानी और जांच अभियान चला रही है। यह कार्रवाई सीमा पर तैनात जवानों की सतर्कता और प्रतिबद्धता का एक और उदाहरण है।
