तलाशी के दौरान पुलिस ने गाड़ी की छत में बने गुप्त चैंबर से 42 किलोग्राम गांजा बरामद किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप असम से एनजेपी होते हुए बिहार के पटना ले जाई जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस को एक ही वाहन के लिए तीन अलग-अलग राज्यों के नंबर प्लेट भी मिले।
आशंका है कि तस्कर अलग-अलग राज्यों में पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे। पूरी कार्रवाई गैजेट ऑफिसर एसीपी अनिर्बन मजूमदार की मौजूदगी में की गई। अभियान में बागडोगरा थाना के OC कल्याण शाह, सादा पोशाक टीम के oc श्रमिक पाल तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने मौके से 42 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन, 7,000 रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो को जब्त कर लिया। इस मामले में बिहार निवासी विक्की कुमार (23 वर्ष) और प्रवीण कुमार (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है।
दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। दोनों आरोपियों को कल सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।
