खोरीबाड़ी में सड़क सुरक्षा सप्ताह पर निकली जागरूकता रैली, प्लेकार्ड और सांस्कृतिक कार्यक्रम से दिया सुरक्षित यातायात का संदेश
खोरीबाड़ी : सड़क सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर दार्जिलिंग जिला पुलिस के खोरीबाड़ी ट्रैफिक गार्ड की ओर से शुक्रवार को ट्रैफिक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
खोरीबाड़ी थाने से जागरूकता रैली की शुरुआत हुई, जो कदमतला मोड़, बाजार क्षेत्र से होते हुए पुनः खोरीबाड़ी थाने परिसर में पहुंचकर समाप्त हुई। रैली में पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के साथ अन्य लोगों ने हिस्सा लिया। हाथों में जागरूकता संदेश लिखे प्लेकार्ड के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क पर सावधानी बरतने का संदेश दिया गया।
रैली के बाद खोरीबाड़ी थाना परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस दौरान नृत्य और संगीत के माध्यम से भी लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में दार्जिलिंग ट्रैफिक डीएसपी कल्याण गुरुंग,
रूरल ट्रैफिक इंस्पेक्टर मुकुल मियां, नक्सलबाड़ी सर्किल इंस्पेक्टर सैकत भद्र, खोरीबाड़ी थाना प्रभारी मंतोष सरकार समेत जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय समाचार कर्मियों को सम्मानित किया गया।
वहीं, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ट्रैफिक गार्ड के अधिकारियों ने उपस्थित लोगों के बीच पौधे भी वितरित किए। इस मौके पर दार्जिलिंग जिला पुलिस ट्रैफिक डीएसपी कल्याण गुरुंग ने कहा कि देश में लगातार सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ रही है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की जान सड़क हादसों में जा रही है।
ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर जिम्मेदारी के साथ चलने की अपील की।
